रविवार, 13 मई 2018

लाखों में बिकने वाले चित्रकार की उम्र केवल चार साल

लाखों में बिकने वाले चित्रकार की उम्र केवल चार साल 
मूमल डेस्कवर्क। कनाडा में रहने वाले भारतीय मूल के एक चार साल के बच्चे ने अपने हुनर से सबको हैरत में डाल दिया है। अद्वैत कोलार्कर नाम के इस बच्चे ने कला की दुनिया बड़े-बड़े कलाकारों को पीछे छोड़ दिया है।  चार साल के बच्चे की पेंटिंग की बोली लाखों में लगी है। किसी को यकीन नहीं हो रहा कि अद्वैत कोलार्कर इतनी खूबसूरत और कीमती पेंटिंग बना सकता है।
पुणे के रहने वाले अद्वैत का परिवार 2016 से कनाडा चला गया था। दावा है कि यह कनाडा के इतिहास में सबसे कम उम्र का चित्रकार है। अद्वैत की मां श्रुति कोलार्कर का कहना है कि अद्वैत को पेंटिंग बनाने के लिए किसी की मदद की जरूरत नहीं पड़ती है।
गैलेक्सी, डायनासोर और ड्रैगन की पेंटिंग बनाना उसे सबसे ज्यादा पसंद है। हाल में कनाडा के सेंट आर्ट सेंटर में उसकी पेंटिंग की प्रदर्शनी हुई थी। इसमें उसकी कलाकृतियां एक लाख रुपये तक में बिकीं।
पिछले महीने उसकी पेंटिंग न्यूयार्क के आर्ट एक्सपो में भी दिखाई गई थी। वहां भी उसकी एक पेंटिंग एक लाख तीस हजार रुपये में बिकी। श्रुति का कहना है कि जब अद्वैत एक साल का था, तभी से उसने हाथ में ब्रश पकड़ लिया था।
वह ब्रश और रंगों के जरिए कुछ न कुछ बनाया करता था। धीरे-धीरे उसने इसमें महारत हासिल कर ली। पेंटिंग बनाने के दौरान वह केवल सिर्फ रंगों से खेलता ही नहीं था बल्कि, उसमें रंगों को सही तरीके से भरने की भी समझ थी।उल्लेखनीय है कि, श्रुति भी एक व्यावसायिक चित्रकार हैं।

कोई टिप्पणी नहीं: