रविवार, 13 मई 2018

समाजसेवी डेविड रॉकफेलर के कलेक्शन की नीलामी

समाजसेवी डेविड रॉकफेलर के कलेक्शन की नीलामी
773 करोड़ रुपये में नीलाम हुई पिकासो की पेंटिंग
मूमल डेस्कवर्क। दुनिया के दिग्गज चित्रकारों में शामिल पाब्लो पिकासो की एक पेंटिग अमेरिका में हुई नीलामी में 11.5 करोड़ डॉलर (करीब 773 करोड़ रुपये) में बिकी है। इस वर्ष के मध्य में हुई यह सबसे अधिक कीमत हासिल करने वाली नीलामी है। नीलामी में स्पेनिश चित्रकार पिकासों के साथ फ्र्रांस के मातिसे और मॉनेत की बनाई गई पेटिंग को भी काफी महंगे दामों पर खरीदा गया है।
नीलाम हुई पिकासो की पेंटिंग वर्ष 1905 में बनाई गई थी  जिसमें एक लड़की को हाथ में फूल की टोकरी लिए दिखाया गया है। इसके साथ ही 1914 से 1917 के बीच मॉनेत द्वारा बनाया गया चित्र  'निमफियाश एंड फ्लेउर' (जल में खिला कमल) 8.46 लाख डॉलर (करीब 569 करोड़ रुपये) में बिका। वहीं मातिसे द्वारा 1923 में बनाई गई पेंटिंग को 8.07 लाख डॉलर (करीब 542 करोड़ रुपये) में खरीदा गया। इस चित्र में आरामदायक कुर्सी पर लेटे हुए एक व्यक्ति को दिखाया गया है।
यह नीलामी क्रिस्टीज द्वारा की गई नीलामी 'पेगी एंड डेविड रॉकफेलर' के तहत हुई। 1,500 सामानों वाले इस कलेक्शन में पिकासो, हेनरी मातिसे, क्लॉदे मॉनेत के कई चित्र शामिल हैं। उल्लेखनीय है कि, समाजसेवी डेविड रॉकफेलर के निधन के एक वर्ष बाद इनके कलेक्शन को नीलाम  किया जा रहा है। नीलामी से मिले धन का इस्तेमाल चैरिटी के लिए किया जाएगा।

कोई टिप्पणी नहीं: