रविवार, 26 अगस्त 2018

पहाड़ी लघु चित्रकला और चंबा रुमाल प्रतियोगिता के परिणाम घोषित

पहाड़ी लघु चित्रकला और चंबा रुमाल प्रतियोगिता के परिणाम घोषित
कांगड़ा के चित्रकार दीपक भंडारी को प्रथम पुरस्कार
मूमल नूटवर्क, शिमला।
हिमाचल कला संस्कृति भाषा अकादमी की 'पहाड़ी लघु चित्रकला और चंबा रुमाल प्रतियोगिता' के वर्ष 2017 के पुरस्कार घोषित कर दिए गए हैं। अकादमी सचिव डॉ. कर्म सिंह ने कहा कि पहाड़ी लघु चित्रकला और चंबा रुमाल प्रतियोगिता योजना नियम के अनुसार वर्ष 2017 के लिए पहाड़ी चित्रकारों और चंबा रुमाल शिल्पियों से उनकी स्वरचित दो-दो नवीनतम कलाकृतियां आमंत्रित की गई थीं।
दोनों विधाओं के प्रत्येक पुरस्कृत कलाकारों को प्रथम पुरस्कार 15000 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 7000 रुपये, तृतीय पुरस्कार 5000 रुपये की राशि के अतिरिक्त अंगवस्त्र आदि भी प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण अकादमी के भव्य समारोह में किया जाएगा।
सचिव ने जानकारी दी  कि पुरस्कारों का चयन 24 अक्तूबर 2017 को निर्णायक मंडल की बैठक में किया गया था। चुनाव आचार संहिता के कारण पुरस्कारों की घोषणा नहीं की जा सकी थी। अब मुख्यमंत्री और अकादमी अध्यक्ष जयराम ठाकुर के चयनित पुरस्कारों की घोषणा कर दी है।
2017 के पहाड़ी लघु चित्रकला प्रतियोगिता में कृष्ण लीला और वेणु गोपाल कलाकृतियों के लिए शाहपुर, कांगड़ा के चित्रकार दीपक भंडारी को प्रथम पुरस्कार, रामायण चित्र और गीत गोविंद कलाकृतियों के लिए धर्मशाला के चित्रकार मोनू कुमार को द्वितीय और त्रयंबकेश्वर महादेव और गीत गोविंद कलाकृतियों के लिए चंबा के परीक्षित शर्मा को तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा।
चंबा रुमाल के लिए प्रथम पुरस्कार कृष्णा इन गार्डन और दान लीला रुमालों के लिए चंबा की अनीता,  ढोलकी रास और गोल रास रुमालों के लिए चंबा की पिंकी को द्वितीय और रस मंडल (चंबा शैली) रुमाल के लिए कमला चड्ढा को तृतीय पुरस्कार दिया जाएगा। पहाड़ी लघु चित्र कला के लिए 17 चित्रकारों और चंबा रुमाल के लिए 7 शिल्पियों से कुल 48 प्रविष्टियां प्राप्त हुई थीं।

कोई टिप्पणी नहीं: