रविवार, 9 जुलाई 2017

जयपुर सहित अनेक शहरों में रंग-मल्हार
भीलवाड़ा में स्थगित
उदयपुर में चित्रकार शरद भारद्वाज द्वारा प्रकृति के प्रति नीले रंग में व्यक्त की गई भावनाओं ने रंग मल्हार को नए अर्थ प्रदान किये। 


मूमल नेटवर्क। अपने बढ़े हुए दायरे और नए दमखम के साथ 'रंग मल्हारÓ का आठवां संस्करण जयपुर सहित आठ शहरों मेेंं एक साथ आयोजित हुआ। भीलवाड़ा में अपरिहार्य कारणों से आयोजन स्थगित हुआ, लेकिन बीकानेर, अजमेर, टोंक व उदयपुर सहित अन्य शहरों में आयोजन का सफल क्रियान्वयन हुआ।
सभी स्थानों पर अच्छे मानसून की कामना के साथ कलाकारों द्वारा साइकिलों पर रंग-बिरंगा सृजन किया गया। आयोजन के बाद कलाकृति हो गई साइकिलों का नगर के प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शन किया गया।
जयपुर: वरिष्ठ कलाकार विद्यासागर उपाध्याय की इस परिकल्पना को गुलाबी नगर में चित्रकार विनय शर्मा सहित उपाध्याय से जुड़े उनके सहयोगियों ने साकार किया। पूर्व में यह आयोजन अलबर्ट हॉल के सम्मुख किया जाना था। बाद में स्थान परिवर्तित कर इसे रवीन्द्र मंच परिसर में किया गया। यहां कलाकारों की उपस्थिति बेहतर रही, लेकिन हमेशा के तरह आम कलाप्रेमी यहां भी कम थे। चित्रकार लाखन सिंह जाट की कृति स्वयं उनकी थीम और लोकप्रिय सिरीज से जुड़े होने के कारण उल्लेखनीय रही।
अजमेर: अजमेर में पृथ्वीराज फाउंडेशन और नगर निगम के तत्वावधान में रंग मल्हार का आयोजन सूचना केंद्र में किया गया। कार्यक्रम का संयोजन वरिष्ठ चित्रकार अमित राजवंशी के निदेशन में हुआ।  पृथ्वीराज फाउंडेशन के दीपक शर्मा व संजय सेठी सहित नगर के प्रमुख कलाकारों ने आयोजन में बढ़-चढ़ कर भाग लिया। बाद में श्रेष्ठ कृतियों को स्टालेशन के रूप मे प्रदर्शित करने के लिये निगम व जिला प्रशासन से चर्चा करने की योजना है।
बीकानेर: यहां अनुभवी चित्रकार मालचंद पारीक व महावीर स्वामी के संयोजन में बड़े स्तर पर आयोजन हुआ। लोकायन संस्थान के सौजन्य से भोज कला प्रन्यास ने इस आयोजन को प्रायोजित किया। रामपुरिया हवेली के सामने सृजन किए जाने के बाद कृतियों को शहर के प्रमुख स्थानों से ले जाते हुए जूनागढ़ के सामने प्रदर्शित किया गया।
उदयपुर: उदयपुर में शिल्पग्राम के दर्पण सभागार में चित्रकार नरेन्द्र सिंह चिंटू और हेमन्त जोशी के संयोजन में हुए आयोजन में ललित शर्मा जैसे वरिष्ठ चित्रकारों का सहयोग रहा। यहां शरद भारद्वाज द्वारा प्रकृति के प्रति नीले रंग में व्यक्त की गई भावनाओं ने रंग मल्हार को नए अर्थ प्रदान किये।
टोंक: टोंक में यह आयोजन बनास कलाकार समूह के सहयोग से हुआ। चित्रकार जसवंत सिंह नरूका और अजय मिश्रा के संयोजन मेें कलाकारों ने साइकिलों पर अपनी भावनाएं उकेरी।
श्री गंगानगर: यहां प्रो. ओम सुथार और विवेक काकड़ा के संयोजन में रंग-मल्हार का आयोजन सूचना केन्द्र परिसर मेें हुआ। करीब तीस सीनियर व जूनियर कलाकारों की उपथिति में हुए कार्यक्रम के बाद साइकिल रैली का आयोजन हुआ, जो विभिन्न मार्गों से होते हुए सुखडिय़ा सर्किल पर पहुंच कर सम्पन्न हुई।
बांसवाड़ा: बांसवाड़ा के परतापुर में देवेश्वर लोक विकास संस्थान के तत्वावधान में रंग मल्हार का आयोजन संस्था परिसर में किया गया। कार्यक्रम का संयोजन चित्रकार यतिन उपाध्याय के निदेशन में हुआ।  इसमें सुशील सोमपुरा व तस्लीम जमाल सहित लगभग 20 कलाकारों ने साइकिलों पर अपनी कला अभिव्यक्त की। इसके बाद रंगी गई साईकिलों की रैली निकाली गई जो गणेश मन्दिर, चार खम्भा, बोरावाड़ी होती हुई संस्था परिसर में आकर पूर्ण हुई। कार्यक्रम में जाने-माने पर्यावरणवादी भागवत्त कुन्दन ने साईकिल पर लिखे 72 दोहों की प्रस्तुति देकर कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।  

कोई टिप्पणी नहीं: