शुक्रवार, 30 नवंबर 2018

तैयब मेहता की पेंटिंग 'दुर्गा महिषासुर मर्दिनी' को मिले 20 करोड़

तैयब मेहता की  पेंटिंग 'दुर्गा महिषासुर मर्दिनी' को मिले 20 करोड़  
सॉदबी की पहली नीलामी 'बाउंडलैस इंडिया' में हुई नीलाम
अमृता शेरगिल की 'द लिटिल गर्ल इन ब्लू' को मिली रिकार्ड कीमत
मूमल नेटवर्क, मुंबई। तैयब मेहता की प्रसिद्ध पेंटिंग 'दुर्गा महिषासुर मर्दिनी' कल गुरुवार की शाम मुंबई में

सॉदबी की पहली नीलामी 'बाउंडलैस इंडिया' में 29 लाख डॉलर (करीब 20.49 करोड़ रुपये) में नीलाम हो गई है।
सॉदबी के एक अधिकारी ने बताया कि नीलामी के दौरान 79 लाख डॉलर (करीब 55.40 करोड़ रुपये) की कलाकृतियां बेची गयीं। उन्होंने बताया कि 75 प्रतिशत से अधिक पेंटिंग पर उनके अनुमानित मूल्य से ज्यादा की बोली लगाई गयी।
मेहता की पेंटिंग 1993 में उनसे लिये जाने के बाद से इसी निजी कलाकृति संग्रह में रही है। अमृता शेरगिल की 'द लिटिल गर्ल इन ब्लू' के लिए कड़ी स्पर्धा की वजह से इस पेंटिंग की 18.69 करोड़ रुपये की कीमत आंकी गयी जो भारत में किसी कलाकार के लिए रिकार्ड कीमत है। यह दुनियाभर में बिक्री के लिए रखा गया कलाकार का सातवां तेल चित्र है। यह 80 साल से इसी संग्रह में है। इससे पहले शेरगिल की दूसरी कलाकृति भी बेची गयी जो उन्होंने केवल 10 साल की उम्र में कागज पर बनाई थी।
पश्चिम एशिया और भारत के लिए सॉदबी के अध्यक्ष एडवर्ड गिब्स ने कहा कि यह सॉदबी के लिए बहुत महत्वपूर्ण क्षण है। उन्होनें कहा कि आज रात की बिक्री दक्षिण एशियाई बाजार के प्रति सॉदबी की सतत प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सॉदबी की भारतीय और दक्षिण एशियाई कला की अंतरराष्ट्रीय प्रमुख यामिनी मेहता ने कहा कि 'आज के परिणाम दक्षिण एशियाई कला बाजार के लिए विश्वास मत की तरह है जहां विभिन्न कलाकारों और विधाओं के बीच नयी ऊंचाइयां हासिल की गयी हैं।
मेहता की पूर्व में बिकी कृतियां
उल्लेखनीय है कि इससे पहले दिवंगत कलाकार तैयब मेहता की एक पेंटिंग अनटाइटल्ड (काली) 26.4 करोड़ रुपये में बिकी थी। बिक्री के मामले यह अब तक की उनकी सबसे महंगी कृति बन गई हुई है। इससे पहले उनकी अनटाइटल्ड (वुमन ऑन रिक्शॉ) 22.99 करोड़ की कीमत के साथ सबसे महंगी कृति थी। 

बोकारो में दो दिवसीय चारकोल-कार्यशाला


बोकारो में दो दिवसीय चारकोल-कार्यशाला 
जयपुर के अमित हरित ने सिखाया चारकोल कृतियों का निमार्ण
मूमल नेटवर्क, बोकारो। नई दिल्ली  स्थित देश की प्रतिष्ठित कला संस्थान रज़ा फाऊंडेशन के सहयोग से इंडिया टेलिंग द्वारा दिल्ली पब्लिक स्कूल, बोकारो में दो दिवसीय चारकोल-कार्यशाला का आयोजन किया गया। स्कूल की निदेशक एवं प्रधानाचार्य डॉ.हेमलता एस. मोहन ने कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यशाला में जयपुर के अमित हरित व इंदौर के लकी जायसवाल ने विद्यार्थियों को इस कला के गुर सिखाए।
डॉ.हेमलता एस. मोहन ने कहा कि दृश्य कलाओं के क्षेत्र में भी झारखंड की मुकम्मल पहचान बने, इसके लिए जरूरी है कि इस तरह की कार्यशालाएं निरंतर आयोजित हों। कार्यशाला संयोजक तथा धनबाद आर्ट फेयर के निदेशक अभिषेक कश्यप ने कहा कि झारखंड में दृश्य कलाओं और चाक्षुष साक्षरता को बढ़ावा देने के लिए इस कला कार्यशाला का आयोजन किया गया है तथा कार्यशाला में बनी उत्कृष्ट कलाकृतियों को धनबाद आर्ट फेयर में प्रदर्शित किया जायेगा।
इस कार्यशाला में जयपुर के अमित हारित व इंदौर के लकी जायसवाल ने विद्यार्थियों के साथ चारकोल से कलाकृतियों का सृजन किया एवं कला के विविध विषयों, कला-सृजन की बारीकियों पर विस्तार से चर्चा की। अमित ने कार्यशाला में अपने व्यक्तव्य में छात्रों को सृजनात्मकता और कल्पनाशीलता के साथ स्वतंत्र रूप से मौलिक चित्रण करने को कहा और लकी ने रेखाओं और उनके प्रभावों तथा अभ्यास के महत्व के बारे में बताया।
इस अवसर पर डीपीएस चास के प्रो-वाइस चेयरमैन एन मुरलीधरन, एएस गंगवार, प्रवीण कुमार शर्मा,डॉ. मनीषा तिवारी, सुनील कुमार, अनिल कुमार गोप, कामिनी कांता स्वेन आदि उपस्थित थे।

तीन कलाकारों की कला यात्रा पर संवाद

तीन कलाकारों की कला यात्रा पर संवाद
ललित कला अकादमी के क्षेत्रीय केन्द्र में फिल्मों का प्रदर्शन
मूमल नेटवर्क लखनऊ। ललित कला अकादमी के क्षेत्रीय केन्द्र में कल शाम भारतीय चित्रकला जगत को प्रभावित करने वाले तीन कलाकारों की कला पर फिल्मों का प्रदर्शन किया गया। रिगार्डिंग इण्डिया के तहत संवाद पर आधारित फिल्मों में एस. नन्दागोपाल, इन्द्रपरमित रॉय तथा गणेश पाइन के कृतित्व को दर्शाया गया।
एस. नन्दागोपाल
एस. नन्दागोपाल एक समकालीन मूर्तिकार थे इन्होने अपने जीवन काल में कई प्रकार के कला माध्यमों में अपने भावों को प्रस्तुुत किया। भारतीय देवी देवताओ का उनकी शिल्प में प्रभाव दिखता है । इस फिल्म में भारतीय संस्कृति को कलाकार द्वारा व्यक्त करने का प्रयास किया गया है।
इन्द्रपरमित रॉय
इन्द्रपरमित रॉय एक समकालीन जाने माने चित्रकार है जिनका जन्म कोलकाता में हुआ। वह वर्तमान में एम एस विश्वविद्यालय, वदोदरा में कला के प्रोफेसर है। उन्होने इस फिल्म के माध्यम से अपना शिल्प आंदोलन अनुभव व्यक्त किया है।
गणेश पाइन 
गणेश पाइन एक जाने माने भारतीय समकालीन चित्रकार थे। उनका जन्म कोलकाता में 11 जून 1937 को हुआ था । पाइन ने अपने कला जीवन का प्रारम्भ 1960 के दशक में एक पुस्तक के इलेस्ट्रेशन एवं स्केचिंग से किया। उनकी कला पर बंगाल स्कूल का काफी प्रभाव देखा जा सकता है। वह अबनीन्द्रनाथ टैगोर से बहुत प्रभावित थे, जिसका प्रभाव उनकी कलाकृतियों पर साफ  दिखाई देता है। प्रदर्शित फिल्म उनके कला जीवन पर आधारित है।

बुधवार, 28 नवंबर 2018

आज शाम 5 बजे से होगा प्रभाकर कोल्टे की कला का प्रदर्शन

आज शाम 5 बजे से होगा प्रभाकर कोल्टे की कला का प्रदर्शन
मूमल नेटवर्क, जयपुर। मुंबई के विख्यात चित्रकार प्रभाकर कोल्टे की कला का प्रदर्शन आज शाम 5 बजे से आईसीए गैलरी में होगा। एक महीने तक चलने वाले इस प्रदर्शन को कोलकाता के चित्रकार अभिजीत दत्ता क्यूरेट करेंगे।
आधुनिक अमूर्त-कला की पहली पीढ़ी के कलाकार एस.एच. रजा, गायतोण्डे, रामकुमार सिंह, पीएन चोयल के बाद अग्रणी नामों में से एक प्रभाकर कोल्टे का जयपुर में यह पहला शो है। इससे पहले उन्होंने 2013 में आयोजित जयपुर आर्ट समिट के प्रथम संस्करण में  अपनी कला का प्रदर्शन किया था।
गैलरी के डायरेक्टर अभिनव बंसल ने बताया कि 72 वर्षीय प्रभाकर कोल्टे की सत्तर के दशक से लेकर अब तक बनाई गई लगभग 60 पेंटिंग्स प्रदर्शित की जाएंगी। इनमें अस्सी और नब्बे के दशक में उनके बनाए पोट्र्रेट भी देखने योग्य होंगे। प्रभाकर एक अच्छे फोटोग्राफर भी हैं एग्जीबिशन में उनके खींचे गए 45 फोटोग्राफ्स भी प्रदर्शित किए जाएंगे। उद्घाटन के अवसर पर ही गैलरी द्वारा उनके कलात्मक सफर पर प्रकाशित पुस्तक का भी विमोचन किया जाएगा।
30 नवंबर को कोलते शहर के कलाकारों और कला प्रेमियों से भी रूबरू होंगे। इस मौके पर गैलरी में शाम 4 बजे से उन पर टॉक शो आयोजित किया जाएगा। इस दौरान वे कला प्रेमियों और आर्ट स्टूडेंट्स के लिए अपनी कला का लाइव डेमोस्ट्रेशन भी देंगे।

अमित हरित को प्रयोगधर्मी चित्रों के लिए मिला सम्मान

अमित हरित को प्रयोगधर्मी चित्रों के लिए मिला सम्मान
मूमल नेटवर्क, नई दिल्ली।
जयपुर के युवा चित्रकार अमित हरित को प्रयोगधर्मी और रचनात्मक चित्रकार के रूप में सम्मानित किया गया है। यह सम्मान उन्हें  दिल्ली की श्रीआर्ट गैलरी के वार्षिक सम्मान समारोह में  26 नवम्बर को प्रदान किया गया।
श्रीआर्ट गैलरी जानकी देवी कालेज के सभागार में आयोजित समारोह में अमित हरित को सम्मान स्वरूप स्मृति चिन्ह के साथ 11 हजार रूपये की राशि भेंट की। गैलेरी के डाइरेक्टर जीतेन्द्र पदम जैन ने अपने व्यक्तव्य में कहा कि वे पिछले 4-5 साल से अमित के कार्य को गहराई से देख रहे थे और उनके कार्य से प्रभावित होकर उन्होंने इस अवार्ड के लिए उनका नाम चुना।
इस अवसर पर दिल्ली के चित्रकार  दिल्ली की अंजुम खान को भी सम्मानित किया गया।

शनिवार, 24 नवंबर 2018

आज शाम होगा विंटर शो 2018 का उद्घाटन

आज शाम होगा विंटर शो 2018 का उद्घाटन
गढ़ी स्टूडियो के वर्किंग आर्टिस्ट्स की कृतियां होंगी प्रदर्शित
मूमल नेटवर्क, दिल्ली। ललित कला अकादमी की गैलेरी में आज शाम 5 बजे विंटर शो 2018 का उद्घाटन होगा। मुख्य अतथि उत्तर दिल्ली के महापौर आदित कुमार गुप्ता दीप प्रज्जवलित कर शो का उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर गेस्ट ऑफ ऑनर के रूप में संस्कृति मंत्रालय की ज्वाइंट सेक्रेटरी निरुपमा कोटरू तथा अकादमी अध्यक्ष उत्त्म पचारणे उपस्थित रहेंगे।
बढ़ी स्टूडियो के 80 वर्किंग कृतिकारों की कृतियों से सजी इस प्रदर्शनी का समापन 3 दिसम्बर को होगा।

शनिवार, 17 नवंबर 2018

ऋतु जौहरी की कृति आईफेक्स अवार्ड के लिए चयनित

ऋतु जौहरी की कृति आईफेक्स अवार्ड के लिए चयनित
मूमल नेटवर्क, नई दिल्ली/जोधपुर। कला शिक्षिका व कलाकार ऋतु जौहरी की की कृति 'चक्र को आईफेक्स अवार्ड के लिए चुना गया है।
ऑल इण्डिया फाईन आर्ट एण्ड क्राफ्ट सोसायटी द्वारा पिछले दिनों 17वीं ऑल इण्डिया वॉटर कलर एग्जीबिशन, 15वीं ऑल इण्डिया ट्रेडीशनल आर्ट एग्जीबिशन तथा 10वीं ऑल इण्डिया पोट्रेट एग्जीबिशन 2019 के लिए कलाकारों से उनकी कृतियों को आमन्त्रित किया गया था। इसी सन्दर्भ में ज्यूरी ने डॉ ऋतु जौहरी की कृति चक्र को अवार्ड के लिए चुना है।