Art Performance लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Art Performance लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

बुधवार, 17 जनवरी 2018

आर्ट परफॉरमेंस व कला बदलावों के बारे में डॉ. कृष्णा महावर से बातचीत

 आर्ट परफॉरमेंस व कला बदलावों के बारे में 
डॉ. कृष्णा महावर से बातचीत
अभी हाल ही हुए कला मेले में प्रस्तुत आर्ट परफॉरमेंस को उपस्थित कलाकारों व कला प्रेमियों ने खासा पसन्द किया। पहली बार कला मेले में हुई यह प्रस्तुति कला जगत की नई विधा के रूप में धीरे-धीरे अपना प्रभाव जमा रही है। नाटक ना होने के बावजूद भी अंग संचालन के जरिये किसी परिकल्पना पर दिया गया प्रस्तुतिकरण कलाकार के मंतव्य को बहुत ही सहज तरीके से स्पष्ट करता है और लोगों के दिल में उतर जाता है।
कला मेले के आर्ट परफॉरमेंस  'इन बिटवीन द एलिमेंट्स ऑफ  पेंटिंग्स,द बॉडी एंड द स्पेस' की परिकल्पना डॉ कृष्णा महावर की थी।  लगभग 35 मिनट के इस परफॉरमेंस को डॉ महावर ने अपने 20 विद्यार्थियों के सहयोग से प्रस्तुत किया। इस परफॉरमेंस की उर्जा व कला की नई तकनीक से पाठकों को रूबरू करवाने के लिए मूमल ने डॉ. कृष्णा महावर से बातचीत की। इस बातचीत के प्रमुख अंश यहां दिए जा रहे हैं।  (सं.)



मूमल- कृष्णा जी, कला मेले में दी गई प्रस्तुति गहन अभ्यास की ओर संकेत कर रही थी। आप अपने कला अभ्यास व अध्यापन को किस तरह संतुलित करती है।
डॉ. कृष्णा महावर- वास्तव में मुझे यह दो अलग चीज़े लगती ही नही हैं। एक कला शिक्षक को स्वयं भी कार्य करते रहना चाहिए और नवीन कार्यो, तकनीको व शैलियों से अपडेट होते रहना चाहिए। मैं यह सब करते हुए अपने स्टूडेंट्स से साझा भी करती चलती हूं तो मेरा स्वयं का अभ्यास और अध्यापन दोनो ही पूरक हो जाते हैं।

मूमल- आपने परफॉरमेंस आर्ट ही क्यो चुना?
डॉ. कृष्णा महावर- मैं 20 वर्षो से चित्रकला माध्यम में कार्य कर रही हूं बीच बीच मे इंस्टालेशन, मल्टीमीडिया माध्यम भी एक्सप्लोर किये। मैने महसूस किया कि जो बात परफॉरमेंस के द्वारा सीधे व आक्रामक तरिके से संप्रेषित होती हैं ऐसी स्वतंत्रता अन्य किसी माध्यम में है ही नही। इसमे बस सशरीर कलाकार है और चारो और दर्शक। निजी राजनीति से उपजे मुद्दों से लेकर यह शैली सामाजिक-राजनीतिक , फेमेनिज़्म से जुड़े मुद्दों को लोगो तक पंहुचने का एक सशक्त माध्यम प्रतीत होता हैं।
मूमल- कला मेले में प्रस्तुत परफॉरमेंस की प्रक्रिया क्या रही।
डॉ. कृष्णा महावर - इस परफॉरमेंस पर हमने दो महीने तक कार्य किया था । शुरुआती कुछ दिन तो मैंने प्रोजेक्टर पर स्टूडेंट्स को दुनिया भर के प्रसिद्ध परफॉरमिंग आर्टिस्ट्स के परफॉरमेंस ही दिखाए। फिर कुछ दिन बॉडी मूमेंट्स पर काम किया। धीरे धीरे छोटे छोटे शब्द को लेकर इम्प्रोवाईजेशन करने लगे। जैसे केवल रेखा, या केवल टेक्सचर, या स्पेस आदि। सभी स्टूडेंट्स विजुुअल आर्टस से हैं जिन्होंने कभी अपने शरीर के साथ काम ही नही किया था। फिर भी कांसेप्ट के साथ सभी मे एक आत्मविश्वाश आने लगा था। और वे एन्जॉय भी करने लगे। उनके लिए ये बिल्कुल नई दुनिया को जानने जैसा था।

मूमल- कृष्णा जी, आप कोटा से हैं। जयपुर आने के बाद के कला सम्बन्धी बदलावो के बारे में बतलाइये ?
डॉ. कृष्णा महावर- जयपुर में एक खास बात है वो है आर्ट एक्सपोजऱ, जो राजस्थान के किसी अन्य शहर में नही है। आजकल तो यहां कला गतिविधियां भी बहुत बढ़ गयी है। में तो कोटा रहती थी तब भी जयपुर से निरंतर संपर्क में थी। अपने रिसर्च वर्क के लिए लगभग 10 वर्ष अनियमित रूप से अपडाउन किया। उस दौरान जेकेके विजिट तो अवश्य ही होता था। तब कई बार निराशा भी हुआ करती थी कि वहां कुछ भी प्रदर्शित हो जाया करता था। आज जेकेके की प्रदर्शनियां, नवरस फेस्टिवल हो, जयपुर आर्ट समिट हो, ललित कला अकादमी की कला गतिविधियां हो या अन्य निजी कला आयोजन सभी से एक्सपोजऱ बढ़ा हैं। इनसे नई पीढ़ी को काफी कुछ सीखने को मिलता है। किसी समय राजस्थान पूरे भारत के आर्ट मेप में नीचले स्थान पर आता था। आज दिल्ली, भोपाल, मुम्बई के स्तर के आयोजन यहीं होने लगे हैं तो यहां रहने का मन भी बना लिया वरना तो एक वर्ष पहले तक वापस कोटा लौटने कि तैयारी में ही थी।

मूमल- आज की कला शिक्षा में बहुत बदलावों की आवश्यकता है। आप तो इस क्षेत्र में लंबे समय से हैं, क्या महसूस करती हैं?
डॉ. कृष्णा महावर -आज समय तेजी से बदल रहा है, कई नए माध्यम और शैलियां प्रचलन में आ गए है। परंतु उच्च शिक्षा में पाठ्यक्रम अभी भी पुराना ही है। हम कक्षाओं में आधुनिक कलाओ से ही जूझते रहते है और दुनिया की कला उत्तर आधुनिक समय में भी प्रवेश कर चुकी हैं। विद्यार्थी भी जब बाहर जाकर राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय उत्सव में कला देखते है तो विरोधाभासों से गुजरते हैं कि हमे पढ़ाया कुछ जाता है और बाहर की प्रायोगिक दुनिया तो कुछ और ही है। बहुत ही आवश्यक रूप में सर्वप्रथम पाठ्यक्रमो को समकालीन बनाया जाए। शिक्षक भी स्वयं को अपडेट रखे। वैसे भी कला की शिक्षा को एक स्वतंत्र माहौल की सख्त आवश्यता होती हैं जो चार दीवारी के अंदर और मात्र किताबी पढ़ाई से नही सीखी जा सकती।

मूमल- इस वार्तालाप का अन्त हो इससे पहले आप युवा कलाकारों से कुछ कहना चाहेंगी?
डॉ. कृष्णा महावर - जरूर, कला निरंतर अभ्यास का विषय है। पढ़ाई खत्म करते ही कुछ युवा अपने आप को आर्टिस्ट समझने लगते है जो मात्र एक खुशफहमी में रहना ही है। जुनून और मेहनत के साथ ही लगातार कुछ नया पढ़ते रहना भी बहुत जरूरी है। हाथ की स्किल तो अभ्यास से आ जाती है परंतु क्रिएटिविटी तो प्रकृति, समाज, साहित्य व अन्य कलाओं (नाटक, कविता, संगीत, सिनेमा आदि) के साथ समझ विकसित करने से ही आती है। वह भी एक निश्चित समय पर, धीरे-धीरे...। मुख्यतया महिला कलाकारों से भी कहना चाहूंगी कि हमारी जि़ंदगी बहुत चुनौतयों भरी होती है। मुझे भी कई बार चुनौतियों का सामना करना पड़ा है। पढ़ाई, नौकरी, शादी, परिवार, सभी के बीच अपना कला अभ्यास करते रहना स्वयं के जुनून से ही संभव है।





रविवार, 14 जनवरी 2018

कृष्णा महावर के आर्ट परफॉरमेंस ने समां बांधा


कृष्णा महावर के आर्ट परफॉरमेंस ने समां बांधा
मूमल नेटवर्क, जयपुर। राजस्थान ललित कला अकादमी आयोजित 20वें कला मेले के चौथे दिन यानि आज शाम 5 बजे डॉ. कृष्णा महावार द्वारा प्रस्तुत आर्ट परफॉरमेंस ने समां बांध लिया।
आर्टिस्ट के शब्दों में यह परफॉरमेंस पूरी तरह से बॉडी द्वारा सेल्फ एक्सप्लोरेशन की और एक कदम है, यह नॉन लिनियर और अमूर्त परफॉरमेंस है। जिसका मूल विचार तो चित्र के छ तत्व है परंतु प्रक्रिया के दौरान कई बार उस विचार से आगे व परे की यात्रा भी हो जाती है। जो कि किसी भी सृजन प्रक्रिया में जायज भी है। एक रेखा किस प्रकार अपनी भौतिक सत्ता रखती है या टेक्सचर और रंगो की मुठभेड़ जब शरीरों से होने लगे तो क्या कुछ नई संभावनाएं निकल कर आती हैं। रिक्त स्थल की ऊर्जा को परोक्ष रूप में स्वयं कलाकार और साथ ही दर्शक भी एक साथ महसूस करने लगते है। इसे  मुमेंट्स, साउंड्स के साथ मूर्त- अमूर्तन, पॉजिटिव-नेगेटिव,  सृजन- विध्वंस के इर्द गिर्द गूंथा गया है।

इस परफॉरमेंस की रचना के बारे में जानकारी देते हुए कृष्णा महावर कहती हैं कि, एक कला शिक्षिका होने के नाते मेरी सर्वप्रथम प्राथमिकता विद्यार्थी ही होते है। और उन्हें एक खुला और स्वतंत्र माहौल देंने के लिए कई बार मुझे सिस्टम से भी बाहर आना पडता है। मैं बहुत गहराई से सोचती हूं कि आर्ट थ्योरी को भी विसुअल तरीके से पढ़ाया जाना चाहिए....इसी प्रक्रिया में एक दिन मैंने कला के तत्वों को परफॉरमेंस के रूप में परिकल्पित किया। और इस परफॉरमेंस के लिए मेरी पहली पसंद स्टूडेंट ही रहे। मैने उन्ही के साथ मिलकर इस विचार को विकसित किया ताकि परफॉरमेंस के साथ उनका सीधा संबंध  स्थापित हो सके। आरंभिक रूप मे यह क्लासरूम का हिस्सा था बाद में एक आर्ट वर्क के रूप में विकसित हो गया।
क्या होता है आर्ट परफॉरमेंस
परफॉरमेंस आर्ट ललित कला की ही एक शैली है। यह नाटक या थिऐटर  से संबंधित नही होती है। परफॉरमेंस में अन्य कलाओ से प्रेरणा ली जा सकती है। इसमे कई बार सब कुछ रेंडम भी हो सकता हैं। इसमे तीन मुख्य तत्व होते है। एक कांसेप्ट, कलाकार का शरीर, और विशिष्ट स्थान। क्योंकि यह लाइव होती है अत: परफॉरमेंस की अवधि को कलाकार स्वयं दर्शकों की रुचि के अनुसार घटा बढ़ा सकता है।

शुक्रवार, 5 जनवरी 2018

20वें कला मेले में कृष्णा महावर देंगी आर्ट परफॉरमेंस

20वें कला मेले में कृष्णा महावर देंगी आर्ट परफॉरमेंस
मूमल नेटवर्क, जयपुर। राजस्थान ललित कला अकादमी द्वारा रवीन्द्र मंच पर रंग बिखेर रहे 20वें कला मेले के चौथे दिन रवीवार 7 जनवरी को कला दर्शक आर्ट परफॉरमेंस का आनन्द ले सकेंगे।
रवीवार की शाम 5 बजे राजस्थान विश्वविद्यालय की आर्ट लेक्चरर कृष्णा महावर की परिकल्पना पर आधारित लाइव आर्ट परफॉरमेंस की प्रस्तुति दी जाएगी। 35 मिनट की अवधि की कला के आधारभूत तत्वों पर केन्द्रित यह प्रस्तुति कृष्णा महावार अपनी छात्राओं के साथ देंगी।
इस परफार्मेंस की परिकल्पना कला के आधारभूत तत्वों पर आधारित है। वे तत्व जो प्रत्येक चित्र में आवश्यक रूप से विद्धमान होते ही है(कई बार नही भी), सादृश्य रूप मे अथवा अदृश्य रूप मे भी। यह तत्व है स्थान, रेखा, रंग, रूप, तान, टेक्सचर। क्या हो जब यही तत्व मूल चरित्र के रूप में रिक्त स्थल पर आगे आकर दृष्टिमान होने लगे। मानवीय शरीर द्वारा रिक्त स्थल पर कला के इन  तत्वों का आधारभूत विचार ही प्रस्तुत किए जाने वाले परफार्मेंस का मूल भाव है।