मूमल. लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
मूमल. लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सोमवार, 18 जून 2018

जहांगीर में राजस्थान के 140 कलाकारों का ग्रुप-शो 26 से

जहांगीर में राजस्थान के 140 कलाकारों का ग्रुप-शो
राज. ललित कला अकादमी की सराहनीय पहल

मूमल नेटवर्क, जयपुर। राजस्थान ललित कला अकादमी की ओर से प्रदेश के कलाकारों के लिए जहांगीर आर्ट गैलेरी में लगाए जाने वाले ग्रुप शो की तैयारियां इनदिनों जोरों पर हैं। इसमें समसामयिक पेंटिंग के साथ पारम्परिक व लघु शैली के चित्र, ग्राफिक व मूर्तिशिल्प शामिल हैं। जंहागीर कला दीर्घा से प्राप्त अधिकारिक जानकारी के अनुसार गैलेरी नम्बर एक, दो व तीन इस शो के लिए बुक की गई है।
हालांकि तय कार्यक्रम के अनुसार तैयारियों का काम पिछड़ा हुआ है, लेकिन उम्मीद की जा रही कि सब कुछ समय पर हो जाएगा। आयोजन का सबसे सकारात्मक पहलू यह है कि ब्यूरोकेसी से परे अकादमी में मनोनीत कलाजगत के लोगों द्वारा किए जा रहे नवाचारों में यह कदम एक और सुखद कड़ी है। नकारात्मक पहलू यह है कि आयोजन में पारदर्शिता का नितांत अभाव है।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 26 जून से 2 जुलाई तक जंहागीर कला दीर्घा में होने वाले शो के लिए जून के तीसरे सप्ताह में अकादमी की कलादीर्घा में शो का प्रियू होना था, लेकिन तीसरा सप्ताह आधा बीत जाने तक शो के लिए चुने गए कलाकारों के नाम तक उजागर नहीं किए जा सके हैं। जानकारों के मुताबिक कारण स्पष्ट है कि चयन सूची में नामों के जुडऩे और कटने का क्रम अभी तक जारी है। इसका मतलब यह कतई नहीं है कि इसमें चयनकर्ताओं की कोई दुर्भावना है।
चयन प्रक्रिया
दरअसल आरंभ से ही चयन प्रक्रिया परिपक्व और पारदर्शी नहीं रही। चयन समिति के लिए पद्मश्री शाकिर अली, वरिष्ठ मूर्तिकार अशोक गौड़ व राजस्थान विश्वविद्यालय के कला व्याख्याता डॉ. लोकेश जैन जैसे अनुभवी व जानकार सदस्यों को चुना गया। लेकिन, इन्हें चयन के लिए फ्रीहेंड दिए जाने के बजाय प्रदेश के हजारों कलाकारों में से अकादमी द्वारा चुने हुए करीब ढाई सौ से अधिक कलाकारों के नाम व काम उपलब्ध कराए गए। इन कलाकारों में युवा कलाकारों के साथ अनुभवी कलाकार, नेशनल व स्टेट अवार्ड प्राप्त कलाकारों की सूचि शामिल थी।
बताया गया कि समिति को इनमें से करीब डेढ़ सौ के नाम व काम चुनने हैं। समिति ने विभिन्न सूचियों और केटेलॉग आदि दस्तावेजों के आधार पर 140 नाम अकादमी के समक्ष प्रस्तुत कर दिए। इसके बाद अकादमी की ओर से इन चुनिंदा कलाकारों को पत्र लिखकर और टेलीफोन के जरिए आयोजन की जानकारी देते हुए ग्रुप शो के लिए उनका काम मांगा गया। निर्धारित आयोजन के अनुसार इनमें से अधिकांश की स्वीकृति प्राप्त हो गई।
समस्या
समस्या तब आन पड़ी जब अनेक कलाकारों ने किसी न किसी कारण  से अकादमी के प्रस्ताव को स्वीकार नहीं किया। कुछ बड़े कलाकारों के लिए जहांगीर के ग्रुप शो में शामिल होना महत्वपूर्ण नहीं था तो कुछ के पास वह कृति नहीं अब उपलब्ध नहीं थी, जिसे केटेलॉग में देखकर उनसेेेे वह काम मांगा गया था। किसी ने इसलिए इस आयोजन में शामिल होना उचित नहीं माना क्योंकि इसमें फलां कलाकार को शामिल नहीं किया गया। कुल मिलाकर अकादमी के पास निर्धारित समय सीमा तक पर्याप्त कलाकारों की सहमति नहीं पहुंच सकी। ऐसे में गुरूजनों के प्रभावी सुझावों पर नामों का जुडऩे और कटने का क्रम अभी तक जारी है।
सचिव का कहना है
अकादमी सचिव डा. सुरेन्द्र सोनी ने बताया कि इस शो में चुने गए कलाकारों में से 50 प्रतिशत कलाकार ऐसे युवा हैं जिन्हें पहली बार जंहागीर जैसी प्रतिष्ठित कला दीर्घा में कला प्रदर्शन का अवसर मिलेगा। इस शो में 50 प्रतिशत कलाकार जयपुर व राजस्थान के जाने-पहचाने वरिष्ठ कलाकार हैं। पारम्परिक व लघुशैली के चित्रकारों की बात करने पर सचिव ने कहा कि, हालांकि अकादमी के पास ऐसे कलाकारों के पूर्ण विवरण उपलब्ध नहीं हैं। लेकिन फिर भी, इन विधाओं के कुछ कलाकारों को शो में शामिल किया गया है। भविष्य में इन विघाओं के कलाकारों को अकादमी से जोडऩे के प्रयासों में तेजी लाई जाएगी।
अकादमी के इस शो में शामिल होने वाले कलाकारों की सूचि उपलब्ध नहीं होने का कारण बताते हुए सचिव ने कहा कि, लगभग पन्द्रह कलाकारों  ने शो में शामिल होने की तय तिथि 10 जून तक स्वीकृति नहीं भेजी। इन कलाकारों के स्थान पर शामिल किए जाने के लिए अन्य कलाकारों के चुनाव के साथ उनकी स्वीकृति प्राप्त की जा रही है। जंहागीर में प्रदर्शनी से पहले इस शो का प्रिव्यु अकादमी दीर्घा में होगा। शो के कैटलॉग प्रकाशन का कार्य चल रहा है।
जंहागीर तक सुरक्षित रूप से कृतियां पहुंचाने के लिए अकादमी के प्रदर्शनी वाहन का उपयोग किया जाएगा। इस प्रदर्शनी वाहन में भी कृतियां प्रदर्शित की जाएंगी। सचिव ने जानकारी दी कि, शो के दौरान यह वाहन बारी-बारी से जंहागीर कला दीर्घा व जे.जे. स्कूल ऑफ आर्ट परिसर में खड़ा रहेगा। प्रदर्शनी अधिकारी विनय शर्मा ने बताया कि इस शो का संयोजन डॉ. लोकेश जैन तथा सह संयोजन आशीष श्रृंगी करेंगे।
ये तो शामिल हैं।
मूमल को यत्र-तत्र से उपलब्ध जानकारी के अनुसार जहांगीर के लिए ग्रुप-शो में शामिल होने वाले कलाकारों में दिवंगत रणजीत सिंह चूड़ावाला व सुरेन्द्र पाल जोशी सहित  पद्मश्री शाकिर अली, डॉ. लोकेश जैन, अशोक गौड़, सुमन गौड़, डॉ. नात्थूलाल वर्मा, डॉ. विद्यासागर उपाध्याय, सोहन जाखड़, लाखन सिंह जाट, प्रो. चिन्मय मेहता, वीरेन्द्र बन्नू, जयशंकर शर्मा, महावीर स्वामी,डॉ. अनुपम भटनागर, तिलकराज, श्वेत गोयल, शीतल चिलांगिया, आर.बी. गौतम, शरद भारद्वाज,  भीमसिंह हाड़ा, मनोज टेलर, , जगमोहन माथोडिय़ा, मणि भारतीय, पंकज गहलोत, विनोद भारद्वाज, किरण सोनी गुप्ता, खुशनारायण जांगिड़, किरण मूरडिया, कृष्णा महावर, लक्ष्यपाल सिंह, अमित राजवंशी, दीपिका हाजरा,  अजय मिश्रा, अन्नपूर्णा शुक्ला, सुधीर शर्मा, सौरभ भट्ट व आशीष श्रृंगी शामिल हैं।
इससे इंकार नहीं किया जा सकता 
बरसों से प्रशासनिक अधिकारियों की संवेदनहीन सीमित कार्रवाई के चलते अकादमी के जो कार्यक्रम कला मेले, छात्र प्रदर्शनी व स्टेट अवार्ड प्रदर्शनी तक सिमटे हुए थे, अकादमी के लिए कलाजगत से चुने गए मनोनीत अध्यक्ष और सचिव के आने के बाद ना केवल गतिविधियां बढ़ी हैं वरन् उनमें विविधता भी नजर आने लगी है। नई बयार से तरोताजा हुए कलाकारों का मानना है कि अब इसमें पारदर्शिता भी नजर आने लगे तो कार्यप्रणाली की विश्वस्तनीयता और बढ़ेगी।

गुरुवार, 14 नवंबर 2013

पठन से ज्यादा दर्शन की विषय वस्तु; 'मेघदूत-चित्रण'

पुस्तक विमोचन


मेघदूत-चित्रण
मूमल नेटवर्क, जयपुर। जयपुर आर्ट समिट के दौरान हुए पुस्तक विमोचन के क्रम में वरिष्ठ चित्रकार कन्हैयालाल वर्मा रचित पुस्तक 'मेघदूत-चित्रण' का विमोचन हुआ।
34 चित्रों की दर्शन यात्रा
जैसा कि किसी चित्रकार की पुस्तक में संभावित होता है, वर्मा की पुस्तक 'मेघदूत-चित्रण' भी पठन से ज्यादा दर्शन की विषय वस्तु है।  पुस्तक के 34 चित्रों की दर्शन यात्रा का रोमंाच सहज ही महसूस किया जा सकता है। वर्मा जी ने 18 वर्ष की युवावस्था से अब तक जब वे सत्तर बसंत देख जीवन सांझ का सुख ले रहे हैं, महाकवि कालीदास की कृति मेघदूतम के शब्दों को आकार देते रहे हैं। राजस्थानी परिवेष लिए लघु शैली में बनाए गए यह चित्र 'मेघदूतम के कई ह्रदयस्पर्शी श्लोकों को छूने में सक्षम है। चित्रों में प्रणय है, मिलन की प्यास है, वियोग का दर्द है, सौन्दर्य का बन्धन है और प्रेम की स्वतन्त्रता है। पुस्तक की सबसे महत्वपूर्ण बात है, चित्रकार के कवि ह्रदय के दर्शन।
 चित्रों को आत्मसात करने की राह
चौंतीस  चित्रों से सजी इस पुस्तक के प्रत्येक चित्र के साथ मेघदूतम का मूल संस्कृत श्लोक, उसका हिन्दी में किया गया भावानुवाद और अंग्रेजी का अनुवाद चित्रों को आत्मसात करने की राह प्रशस्त करता है। अंग्रेजी अनुवाद रूपनारायण काबरा ने किया है। इसमें से एक चित्र 'प्रतीक्षा का अन्त' के लिए वर्मा को कालीदास अकादमी उज्जैन द्वारा राष्ट्रीय स्तर के पुरस्कार से सम्मानित किया गया है।
वर्षा के जल से चलाया काम 
अपनी रचना यात्रा का उल्लेख करते हुए वर्मा ने बताया कि राजस्थान में नमक के झीलों की नगरी संाभर में रहते हुए पारम्परिक तरीके से इन चित्रों को तैयार करने में काफी परेशानियों को सामना करना पड़ा। सर्वाधिक समस्या प्राकृतिक रंगों को घोलने के लिए निर्मल जल के अकाल के कारण होती थी। इसक लिए वे साल में एक बार मानसून के समय मरुधरा में होने वाली सीमित वर्षा का जल एकत्र करते और उसी के सहारे वर्ष पर्यतं काम चलाते। यह पानी खत्म होने पर जयपुर से बोतलबंद पानी भी मंगवाना पड़ता था।
अतिरिक्त बोनस पाने की खुशी जैसा संग्रह
पुस्तक और खासकर इसमें शामिल चित्रों का मुद्रण उच्च कोटि का है, लेखक द्वारा अपने माता-पिता की मधुर स्मृतियों को समर्पित इस पुस्तक का मूल्य मात्र 300 रुपए रखा गया है, जबकि यह मूल्य तो मेघदूत के चित्रों को निहारते हुए ही वसूल हो जाता है। शेष दुर्लभ सामग्री का संग्रह अतिरिक्त बोनस पाने की खुशी जैसा अहसास कराता है।
इसी के साथ समीक्षक विनोद भारद्वाज, राजेश व्यास व राजेश सिंह कि पुस्तकों का भी विमोचन हुआ।  

रविवार, 7 अप्रैल 2013

Art World में ये क्या हो रहा है?

ये क्या हो रहा है?
कला शिक्षा के नाम पर...

मूमल नेटवर्क, जयपुर। शहर की कला शिक्षा के दो मुख्य केन्द्रों पर कला शिक्षा के साथ-साथ अतिरिक्त ज्ञान दिए जाने के एक अलग सिलसिले को लेकर कुछ कलाविदों ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। कोर्स से अलग ज्ञान बांट रहे कुछ गुरुजनों के इस अभियान में विद्यार्थियों को जयपुर में कला जगत की बुराईयों के साथ-साथ कला अकादमी और कुछ स्थापित कलाकारों के प्रति विशेष रूप से सावधान रहने पर जोर दिया जाता है।
सावधान
शहर के प्रमुख कलाविदों ने एक चर्चा के दौरान सार्वजनिक रूप से बताया कि राजस्थान स्कूल आफ आर्ट हो या राजस्थान विश्वविद्यालय का दृश्यकला विभाग, दोनों संस्थाओं के कुछ गुरुजनों द्वारा विद्यार्थियों के मन में स्थानीय स्थापित कलाकारों व कला अकादमी के प्रति सावधान रहने की भावना भरने का काम किया जा रहा है। चौंकाने वाली बात यह है कि यह सिलसिला लम्बे अर्से से चल रहा है। राजस्थान विश्वविद्यालय के दृश्यकला विभाग में स्थिति अधिक बुरी है।
आगे नहीं बढऩे देंगे
देश-विदेश में अपनी कला के बल पर पहचान बनाने वाले वरिष्ठे कलाकारों के प्रति यह कहते हुए सावधान किया जाता है कि यह लोग युवा कलाकारों को आगे नहीं बढऩे देंगे, आपकी तरक्की की बात पता चलेगी तो आपका पत्ता काट लेगें, पुरस्कारों में आपको दोयम दर्जे पर रखेंगे, भेदभाव करेंगे इत्यादि।
परिणामस्वरूप कुंठा
अपनी इस सीख से विद्यार्थियों के कोमल मन पर आशंका के बादल फैलाने वाले और मुख्य धारा से कट कर चलने की सीख देने वाले यह गुरुजन विद्यार्थियों का कितना भला कर रहे हैं, सहज ही समझा जा सकता है। ये गुरुजन विद्यार्थियों को अपनी कला निखारने और उसके बल पर कला जगत में अपने बलबूते पर अपना नाम आगे लाने की प्रेरणा कभी नहीं दे पाते। परिणामस्वरूप नकारात्मक भाव से भरा हुआ विद्यार्थी कुंठा का शिकार हो जाता है। ऐसे में अच्छा काम करने के बावजूद भी चारों बुरे ही बुरे की कल्पना करता हुआ कला विद्यार्थी मुख्य धारा से कटा रहता है और अपनी कूंची के नकारात्मक परिणामों के साथ उदय होने के साथ ही अस्त हो  जाता है।
कथनी कुछ... करनी कुछ
दूसरी और विद्यार्थियों में कुंठा भरने वाले यही गुरुजन जिनका विरोध करते हैं और जिनसे सावधान रहने को कहते हैं उन्हीं के एक इशारे पर गद्गद् हुए उनके इर्द-गिर्द हाजिर नजर आते हैं। जब उनसे इस आचरण का कारण पूछा जाता है तो जवाब मिलता है कि अपना और विद्यार्थियों का भविष्य बचाने के लिए उन्हें ऐसा मजबूरी में करना पड़ रहा है। इन दोनों संस्थाओं के कुछ कला गुरुओं से जब इस बारे में खुलकर चर्चा की गई तो अधिकांश ने ऑफ द रिकार्ड इस बात को स्वीकार किया साथ ही यह भी जोड़ा कि हर वरिष्ठ विद्यार्थियों से अपनी हजूरी चाहता है... क्या हम और क्या वो? 
मूमल व्यूज:
हालांकि मूमल कला जगत के वरिष्ठों की इस राजनीति में शामिल नहीं, यह भी जरूरी नहीं कि समाचारों में प्रकाशित हर विचार से मूमल सहमत हो, लेकिन प्रत्येक पक्ष के विचार प्रकट करने के अधिकार की रक्षा जरूर करता है।